- धन-धान्य से परिपूर्ण समृद्ध छत्तीसगढ़ का सपना हो रहा साकार
- मुख्यमंत्री ने राजनांदगांव जिले को 24.31 करोड़ रूपए के विकास कार्यों की दी सौगात
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राजनांदगांव जिले के ग्राम भर्रेगांव में आयोजित विशाल किसान अन्नदाता सम्मेलन में शामिल हुए। वरिष्ठ राजनेता और प्रखर पत्रकार स्वर्गीय श्री चन्दूलाल चंद्राकर की पुण्यतिथि पर आयोजित सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने जिलेवासियों को 24 करोड़ 31 लाख रूपए की लागत के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने कार्यक्रम में 43 हितग्राहियों को 11 लाख 94 हजार रूपए लागत की सामग्री वितरित की। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने अपने उद्बोधन में स्वर्गीय श्री चन्दूलाल चंद्राकर को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण में अविस्मरणीय योगदान दिया है। मुख्यमंत्री ने उनके जीवन से जुड़ी बातें साझा की और बताया कि पत्रकारिता के क्षेत्र में उनका महत्वपूर्ण अवदान रहा है। धन-धान्य से परिपूर्ण छत्तीसगढ़ समृद्ध रहे, उनका यह सपना था। आज यह सपना साकार हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय श्री चन्दूलाल चंद्राकर के दिखाये मार्ग का राज्य सरकार अनुसरण कर रही है। उन्होंने कहा कि शासन की किसान हितैषी योजनाओं के कारण कृषि के क्षेत्र में प्रदेश में बहुत परिवर्तन आया है। खेती-किसानी की ओर लोगों का रूझान बढ़ा है। राज्य शासन द्वारा राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत किसानों किसानों से लगभग 107 लाख 53 हजार मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी की गई है और किसानों के खाते में राशि अंतरित की गई है।
ऑनलाईन टोकन के माध्यम से किसानों को राहत पहुंचाई गई है। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय श्री चन्दूलाल चंद्राकर की स्मृति में 20 लाख रूपए की लागत से भवन निर्माण करने की घोषणा की। उन्होंने परमालकसा के शासकीय हाई स्कूल को हायर सेकेण्डरी स्कूल में उन्नयन करने तथा क्षेत्र के 36 सरपंचों को 5-5 लाख रूपए ग्राम विकास के लिए देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि लघु-धान्य फसलों को बढ़ावा देने में छत्तीसगढ़ देश का अग्रणी राज्य है। शासन द्वारा विगत वर्ष से ही मिलेट मिशन अंतर्गत 52 हजार क्ंिवटल से भी अधिक कोदो, कुटकी, रागी की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही हैं तथा प्रोसेसिंग प्लांट भी शुरू किए गए हैं जहां 22 प्रकार की वस्तुएं बनाई जा रही है।