Home » राइजिंग यू0पी0 अब शाइनिंग यू0पी0 के रूप में आगे आ चुका है- मुख्यमंत्री

राइजिंग यू0पी0 अब शाइनिंग यू0पी0 के रूप में आगे आ चुका है- मुख्यमंत्री

by Bhupendra Sahu

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राइजिंग यू0पी0 अब शाइनिंग यू0पी0 के रूप में आगे आ चुका है। जनता की संतुष्टि इसका आधार है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में आज डबल इंजन सरकार का लाभ उत्तर प्रदेश को प्राप्त हो रहा है। हम सभी ने विगत 07 वर्षों में उत्तर प्रदेश को बदलते हुए देखा है। आज उत्तर प्रदेश भारत का ग्रोथ इंजन बनने की सामर्थ्य रखता है। प्रदेश इस रूप में स्वयं को प्रस्तुत कर रहा है।

मुख्यमंत्री एक कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विगत 10 वर्षों में देश में हुए परिवर्तनों के परिणामस्वरूप हमें नया भारत देखने को मिल रहा है। एक ऐसा भारत जिसका दुनिया में सम्मान है और जिसकी सीमाएं तथा आंतरिक व्यवस्था पूरी तरह सुरक्षित हैं। आज देश में आतंकवाद, उग्रवाद तथा नक्सलवाद नियंत्रण में हैं। भारत का इंफ्रास्ट्रक्चर वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनविश्वास सुदृढ़ हुआ है। बिना भेदभाव गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक तबके को प्राप्त हो रहा है। युवाओं के रोजगार और आजीविका के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। भारत की आस्था को भी सम्मान दिया गया है। स्वतंत्रता के पश्चात यह सुखद अनुभव भारतवासी पहली बार महसूस कर रहे हैं। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व के कारण संभव हो पाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में वर्ष भर में औसतन तीन-साढ़े तीन सौ दंगे होते थे। वर्ष का आधा समय कर्फ्यू में व्यतीत होता था। प्रदेश में व्यक्ति और निवेश सुरक्षित नहीं था। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था। आस्था का अनादर होता था। शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे क्षेत्र धूल धूसरित हो रहे थे। आज प्रदेश के युवाओं के हाथों में तमंचा नहीं बल्कि टैबलेट देखा जा सकता है। प्रदेश का युवा एक नई कार्य संस्कृति के साथ देखने को मिलेगा। सड़कों पर रंगदारी नहीं, बल्कि स्ट्रीट वेंडर्स के लिए पी0एम0 स्वनिधि जैसी योजनाएं हैं, जो उनके आर्थिक स्वावलम्बन का मार्ग प्रशस्त कर रही हैं। आज राज्य में कर्फ्यू नहीं, बल्कि धूम धड़ाके के साथ कांवड़ यात्राएं निकलती हैं। प्रदेश में दंगा नहीं बल्कि युवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए दंगल आयोजित होते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश ने विगत 07 वर्षों में अपनी जी0डी0पी0 तथा प्रति व्यक्ति आय दोगुनी करने में सफलता प्राप्त की है। पहले प्रदेश को देश के विकास का ब्रेकर माना जाता था । आज देश को 05 ट्रिलियन डॉलर इकोनामी बनाने के लिए उत्तर प्रदेश को ब्रेकथ्रू के रूप में जाना जा रहा है। लोग व प्रदेश वही हैं, लेकिन संस्कृति बदली है। इस बदली हुई कार्य संस्कृति में प्रदेश, देश के अंदर प्रत्येक क्षेत्र में एक मॉडल के रूप में जाना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश को निवेश नहीं प्राप्त होता था। जुलाई 2018 में पहली ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी में 61 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को जमीनी धरातल पर उतारने का अवसर प्राप्त हुआ था। प्रधानमंत्री जी के कर कमलों द्वारा 19 फरवरी, 2024 को चैथी ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी में 10 लाख 24 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्तावों का शिलान्यास किया गया।

 

यह बदले हुए परिवेश का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश जैसा इंफ्रास्ट्रक्चर कहीं और देखने को नहीं मिलेगा। जिस प्रदेश की पहचान पहले गड्ढों से होती थी, आज वह एक्सप्रेस-वे प्रदेश के रूप में जाना जा रहा है। राज्य में पूर्व से पश्चिम, मध्य से पूर्व तथा मध्य से पश्चिम जोडऩे के लिए एक्सप्रेस-वे हैं। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का सबसे बड़ा नेटवर्क प्रदेश के पास है। राज्य में देश के एक्सप्रेस-वे का 40 प्रतिशत हिस्सा है। गंगा एक्सप्रेस-वे बनने के पश्चात देश के एक्सप्रेस-वे का 55 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश के पास हो जाएगा। प्रदेश सरकार इसे दिसंबर 2024 तक पूरा करने के लक्ष्य साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बेहतरीन एयर कनेक्टिविटी है। गोरखपुर से 14 फ्लाइटें संचालित की जा रही हैं। प्रदेश में वर्ष 2017 से पूर्व केवल दो एयरपोर्ट क्रियाशील थे। आज 09 एयरपोर्ट पूरी तरह क्रियाशील हैं। इनमें चार इण्टरनेशनल एयरपोर्ट सम्मिलित हैं। प्रदेश सरकार द्वारा आगामी मार्च महीने के प्रथम सप्ताह में प्रधानमंत्री जी के कर कमलों द्वारा 10 नए एयरपोर्ट का लोकार्पण कराये जाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी द्वारा 30 दिसम्बर, 2023 को अयोध्या धाम में महर्षि वाल्मीकि जी के नाम पर एयरपोर्ट का उद्घाटन किया गया है। जेवर में एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट को इसी वर्ष क्रियाशील करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश को लैण्डलॉक्ड स्टेट कहा जाता था। प्रदेश में सदानीरा नदियां हैं। वाराणसी से हल्दिया के बीच इनलैण्ड वॉटर-वे का उपयोग प्रारम्भ कर दिया गया है। प्रदेश में इनलैण्ड वॉटर-वे अथॉरिटी गठित करने के पश्चात अयोध्या को भी हल्दिया के साथ जोडऩे की तैयारी प्रारम्भ कर दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में एम0एस0एम0ई0 का बड़ा बेस है। आज प्रदेश से लगभग 02 लाख करोड़ रुपये का निर्यात एम0एस0एम0ई0 सेक्टर से किया जा रहा है। यह क्षेत्र देश को नई पहचान दे रहा है। युवाओं के लिए रोजगार और नौकरी की सम्भावनाओं को आगे बढ़ाने का कार्य किया गया है। राज्य की बेरोजगारी दर को नियंत्रित करते हुए देश में न्यूनतम स्तर तक लाने में सफलता प्राप्त हुई है। किसानों के लिए प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी अनेक योजनाएं हैं। किसानों को एम0एस0पी0 के अंतर्गत लागत का डेढ़ गुना दाम प्राप्त हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना तथा मातृ वंदना योजना जैसी योजनाएं हैं। उद्यमियों के लिए भी शासन की अलग-अलग प्रकार की योजनाएं हैं। वृद्धजन, दिव्यांगजन, निराश्रित महिलाओं आदि वर्गों के लिए प्रदेश सरकार की योजनाएं मिशन मोड पर आगे बढ़ाई जा रही हैं। प्रदेश पहले प्रत्येक योजना में पीछे माना जाता था, आज प्रत्येक योजना में नम्बर एक पर है। प्रदेश, देश का पहला राज्य है जिसने खेल नीति बनाकर खिलाडिय़ों को शासन की सेवा में अवसर दिया है। 06 खिलाडिय़ों को डिप्टी एस0पी0 के पद पर नियुक्ति प्रदान की जा चुकी है। ओलम्पिक तथा एशियाई गेम्स में मेडल प्राप्त करने वाले खिलाडिय़ों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया है। 500 से अधिक खिलाडिय़ों को अलग-अलग विभागों में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए नियुक्ति प्रदान की गई है, जिससे खिलाडिय़ों को आगे बढऩे का अवसर प्राप्त हो सके।
****************************************
00

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More