भोग प्रसादी, दवा, गन्ना रस का वितरण

रायपुर। महावीर का जन्म जीवदया का परिचायक है। महावीर का जीवन तप-त्याग के संस्कारों की शिक्षा देता है। तपस्या से आत्मा पवित्र होती है।आज भगवान महावीर स्वामी के संदेश को हर घर में पहुंचाने की आवश्यकता है। भगवान महावीर का संदेश है कि जीयो और जीने दो। आज के युग में हर जगह हिंसा व्यापक पैमाने में फैली हुई है। ऐसे वातावरण में भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव समिति ने सभी जीवो को जीने का समान अधिकार मिले इस भाव से 7 अप्रैल को जीवदया कार्यक्रम आयोजित किया।
सुबह 6.30 बजे प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। यह प्रभात फेरी विमलनाथ जैन मंदिर भैरव नगर सोसायटी से प्रारंभ होकर सीमंधर स्वामी जैन मंदिर सुधर्म विहार रोड होते हुए विजय शांति सूरीश्वर जैन मंदिर, आम्रपाली में संपन्न हुई। प्रतिदिन की तरह सभी धर्म प्रेमी बंधु पारंपरिक श्वेत/केसरिया परिधान में जियो और जीने दो की जयघोष के साथ चल रहे थे। साथ में बच्चे तरह तरह की धार्मिक वेश भूषा धारण कर चल रहे थे। फेरी समाप्ति के बाद बच्चे को धार्मिक फैंसी ड्रेस एवं प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी का संचालन साधुमार्गी समता युवा संघ द्वारा विगत कई वर्षो से सफलता पूर्वक किया जा रहा है। संघ के अध्यक्ष विकास धाड़ीवाल, सचिव सिद्धार्थ डागा सहित समस्त सदस्य उपस्थित थे।