Home » कांग्रेस भय और भ्रम फैलाने के लिए डीप फ़ेक का कर रही इस्तेमाल : अनुराग ठाकुर

कांग्रेस भय और भ्रम फैलाने के लिए डीप फ़ेक का कर रही इस्तेमाल : अनुराग ठाकुर

by Bhupendra Sahu

नई दिल्ली । केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा की झूठ बोलने में माहिर कांग्रेस अब डीप फेक वीडियो बनाकर लोगों में भय और भ्रम फैला रही है। कांग्रेस के बड़े नेताओं का नाम इसमें आना लोकतंत्र के लिए शर्मनाक भी है और घातक भी है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि आम चुनावों से पहले भी हमें पता था कि विपक्ष अपनी निश्चित हार को देखते हुए झूठ, भय और भ्रम का सहारा जरूर लेगा। आज कांग्रेस का हर बड़ा नेता केवल झूठ के बदौलत अपना पूरा चुनाव प्रचार चला रहा है। झूठ बोलने से भी हार में बदलाव न होता देख अब यह लोग टेक्नोलॉजी और डीप फेक का उपयोग कर और ज्यादा भ्रम और भय फैला रहे हैं। चुनाव जीतने के लिए इंडी अलायंस के नेता सारे अनैतिक कार्य कर रहे हैं। आखऱि वोट के लिए इतना नीचे गिरने का क्या औचित्य है

ठाकुर ने आगे कहा कि राहुल गांधी कहीं से भी चुनाव लड़ें उनकी हार निश्चित है पर अपनी हार से बचने के लिए कांग्रेस झूठ, भय और भ्रम ना फैलाए। आरक्षण और संविधान के बारे में कांग्रेस द्वारा फैलाया जा रहा भ्रम बिल्कुल निराधार और बेबुनियाद है। कांग्रेस जहां-जहां राज्य सरकार बनाती है वहां एससी-एसटी और ओबीसी का आरक्षण काटकर अपने वोट बैंक को देती है। कांग्रेस ने देश में इमरजेंसी लगाई। उन्होंने अब तक सबसे ज्यादा 62 बार संविधान संशोधन किए हैं, वहीं पिछले 10 वर्षों में मोदी सरकार ने एससी-एसटी और ओबीसी के सशक्तिकरण के एक नए युग की शुरुआत की है। हमने ओबीसी कमिशन को संवैधानिक दर्जा दिया। आज हमारे सभी योजनाओं के प्रमुख लाभार्थी एसटी, एससी और ओबीसी समुदाय के लोग हैं। एससी एसटी और ओबीसी के लिए आरक्षण पहले भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा। लेकिन हमारे लिए एक और स्पष्ट बात यह भी है कि हम धर्म के आधार पर मुसलमानों के आरक्षण के सख्त खिलाफ हैं। कांग्रेस आज चुनाव से भागती नजर आ रही है। उसके कई बड़े नेता चुनाव नहीं लडऩा चाह रहे। कांग्रेस को कई सीटों पर उम्मीदवार तक खोजने में परेशानी हो रही है।
सुप्रीम कोर्ट द्वारा बंगाल सरकार को संदेशखली और शाहजहां शेख के मामले में एक पक्ष बनने के आग्रह पर फटकार लगाए जाने के ऊपर प्रतिक्रिया देते हुए श्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह ममता बनर्जी जी की तुष्टिकरण की राजनीति की पराकाष्ठा है। ममता बनर्जी एक महिला मुख्यमंत्री होते हुए ऐसे लोगों को संरक्षण दे रही हैं जिन्होंने महिलाओं के खिलाफ अत्याचार कर उनकी जमीनें हड़पने और उनका यौन उत्पीडऩ करने का घृणित कार्य किया है। इससे पता चलता है कि वोट बैंक के लिए विपक्ष किसी भी हद तक गिरने को तैयार है। यही हाल कर्नाटक का है जहां कांग्रेस के काउंसलर की बेटी की दिनदहाड़े हत्या कर दी जाती है पर तुष्टिकरण की राजनीति के चलते वहां की सरकार कुछ नहीं करती है
अनुराग ठाकुर ने आगे प्रज्वल रेवन्ना के आपत्तिजनक विडियोज के मामले को बेहद शर्मनाक करार देते हुए कहा कि इस मामले में कानून को अपना काम कर कठोर कारवाई करनी चाहिए। कानून व्यवस्था राज्य सरकार की जिम्मेदारी होती है। जिस समय पर यह वीडियो बाहर आए हैं उससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस के पास इन वीडियोज की जानकारी पहले से थी। तो फिर उन्होंने अभी तक कार्रवाई क्यों नहीं कि? ऐसे मुद्दे का राजनीतिक लाभ क्यों उठाना चाहा? आखिर क्यों कांग्रेस की राज्य सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी रही? कांग्रेस को अपनी मजबूरियां बतानी चाहिए। उन्होंने उस व्यक्ति को कैसे विदेश जाने दिया? क्यों कोई कदम नहीं उठाए? भारतीय जनता पार्टी में शक्ति की उपासना की संस्कृति है। हम ऐसे कुकृत्यों का क़तई समर्थन नहीं करते। हमने संसद में ऐतिहासिक नारी शक्ति वंदन बिल पास कर देश की विधायिकाओं में माता बहनों को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने माताओं बहनों को देश का प्रमुख अमृत स्तंभ कहा है और पिछले 10 वर्षों के कार्यकाल में उनके सशक्तिकरण के लिए कई कदम उठाए हैं। हम वूमेन डेवलपमेंट नहीं वूमेन लेड डेवलपमेंट को मानने वाले लोग हैं
00

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More