भले ही ऋतिक रोशन और उनकी पूर्व पत्नी सुजैन खान एक-दूसरे से अलग हो गए हैं, इसके बावजूद समय-समय पर दोनों के बीच अच्छी बॉन्डिंग देखने को मिली है। दोनों एक अच्छे पैरेंट्स की तरह अपने बच्चे की परवरिश कर रहे हैं। दोनों को ऋहान और ऋदान नामक दो बच्चे हैं। अब चर्चा चल रही है कि सुजैन अपने दोनों बच्चों के साथ एक नए आलीशान घर में प्रवेश कर चुकी हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, सुजैन ने अपने बच्चों ऋ हान और ऋ दान के साथ नए घर में एंट्री की है। खबरों की मानें तो सुजैन अपने साजो-समान के साथ नए घर में जा चुकी हैं। दिलचस्प बात यह है कि सुजैन का यह नया घर उनके पूर्व पति और बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक के बंगले से कुछ दूर पर ही स्थित है। ऋतिक के इस आलीशान बंगले से समुद्र का शानदार दृश्य दिखाई देता है।
सुजैन ने यह घर किराए पर नहीं लिया है, बल्कि इसे खरीदा है। सुनने में आ रहा है कि इस घर में चार कमरे हैं। एक सूत्र ने कहा, हां, सुजैन मैडम और उनके बच्चे अभी यहां रहते हैं। ऋतिक यहां अक्सर आते हैं, कभी-कभी तो दिन में दो बार भी पहुंच जाते हैं और परिवार के साथ समय बिताते हैं। ऋतिक और सुजैन का हमेशा बच्चों के प्रति कमिटमेंट दिखता है और वे को-पैरेंट्स की भूमिका निभा रहे हैं।
20 दिसंबर, 2000 को ऋतिक और सुजैन शादी के बंधन में बंधे थे। शादी के छह साल बाद 2006 में ऋहान और 2008 में ऋदान का जन्म हुआ। 13 दिसंबर, 2013 को ऋतिक और सुजैन ने अपना 13 साल का रिश्ता खत्म कर दिया था। 2014 में सुजैन और ऋतिक का तलाक हो गया था। हालांकि, तलाक के बावजूद दोनों के बीच दोस्ती का रिश्ता बरकरार है। उन्हें कई मौकों पर साथ देखा जा चुका है।
कुछ महीने पहले खबर आई थी कि सुजैन टीवी अभिनेता अली गोनी के भाई अर्सलान गोनी को डेट कर रही हैं। दोनों को कई मौके पर एक साथ समय बिताते हुए भी देखा गया था। सुजैन और अर्सलान के अफेयर की अफवाहों को बल तब मिला, जब अक्टूबर में अर्सलान सुजैन की जन्मदिन की पार्टी में गोवा में मौजूद थे। हालांकि, एक हालिया इंटरव्यू में अर्सलान ने सुजैन को केवल अपना अच्छा दोस्त बताया था।