Home » बिहार में पत्रकार की हत्या पर सियासी उबाल, सम्राट, चिराग ने नीतीश को घेरा

बिहार में पत्रकार की हत्या पर सियासी उबाल, सम्राट, चिराग ने नीतीश को घेरा

by Bhupendra Sahu

पटना। बिहार के अररिया में शुक्रवार को एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र के पत्रकार विमल कुमार यादव की घर में घुसकर हत्या के बाद प्रदेश की सियासत गर्म हो गई। पत्रकार की हत्या को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी और लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जोरदार सियासी हमला बोला है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने पत्रकार की हत्या पर दुख जताते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया। बिहार में बढ़ रही अपराधिक घटनाओं को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आड़े हाथों लेते हुए जोरदार तंज कसा।
उन्होंने कहा कि बिहार में थानेदार और पत्रकार मारे जा रहे हैं और मुख्यमंत्री को यहां का अपराध दिखाई ही नहीं दे रहा। उन्होंने बताया कि मृतक विमल कुमार यादव अपने छोटे भाई सरपंच की हत्या में गवाह भी थे, जिसे पुलिस सुरक्षा देने में विफल रही।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार आराम से मुंबई और दिल्ली घूम रहे हैं और उन्हें बिहार में अपराध दिखता ही नहीं है। उन्होंने कहा एक चश्मा नीतीश कुमार को देना होगा, जिससे उन्हें बिहार का अपराध दिखे। बिहार में पुलिस वाले मारे जा रहे हैं, पत्रकार की हत्या हो रही है, गौ तस्कर जागृत हो गए हैं, बालू माफिया और शराब माफिया बेखौफ हो गए हैं तथा राज्य में गुंडों का राज स्थापित हो गया है।

इधर, लोजपा (रामविलास) के प्रमुख और सांसद चिराग पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री आपके राज में पत्रकार सुरक्षित नहीं हैं। पुलिस अधिकारी सुरक्षित नहीं हैं तो ऐसे में आम बिहारी आपसे उम्मीद ही छोड़ दी है।
चिराग पासवान ने तंज कसते हुए कहा कि बिहार में अपराधियों ने अपनी जड़ों को मजबूत कर लिया है। महागठबंधन सरकार खुद को असहाय महसूस कर रही है। अपराधियों को कई जगहों पर सरकार का संरक्षण प्राप्त है।
चिराग ने कहा कि आम बिहारियों के साथ-साथ अब पुलिस अधिकारी भी अपराधियों की गोली का शिकार हो रहे हैं। हमारी रक्षा करने वालों की हत्या कर दी जा रही है। इतना सब होने के बावजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चुप हैं। पुलिस के जवानों का मनोबल गिर जाता है।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More