रायपुर । छत्तीसगढ़ विधानसभा मतदान के नतीजों के लिए अब रूझान आना शुरू हो गया है। छत्तीसगढ़ में इस बार भारी उलटफेर के संकेत मिल रहे हैं। दोपहर 1 बजे तक राज्य में करीब 53 सीटों पर भाजपा आगे चल रही है वहीं कांग्रेस 34 और सीपीआई 1, गोगंपा 1 सीट पर बढ़त बनाए हुए है।
भारत निर्वाचन आयोग से लगातार जारी हो रहे आंकड़े व मतदान के लगातार मिल रहे रुझान मेें छत्तीसगढ़ की राजनीति में सत्ता परिवर्तन की लहर स्पष्ट नजर आने लगी है। दोपहर 1 बजे तक राज्य की 90 सीटों में से 53 सीटों पर भाजपा ने निर्णायक बढ़त बनाए रखा है। बात राजधानी रायपुर की करें तो रायपुर जिले की सभी 7 सीटों पर भाजपा ने जोरदार बढ़त बनाई हुई है। रायपुर की चारों सीटों के अलावा अभनपुर, आरंग तथा धरसींवा सीट पर भाजपा प्रत्याशियों ने जोरदार बढ़त कायम रखी हुई है। इसके अलावा कांग्रेस के कई दिग्गजों की विधायकी भी खतरे में आ गई है।
पाटन से सीएम भूपेश बघेल शुरूआत में पिछड़ गए थे, लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद उन्होंने बढ़त बनानी शुरू कर दी थी। इसी तरह राजनांदगांव सीट पर डा. रमन सिंह भी लगातार बढ़त कायम रखे हुए हैं। अंबिकापुर सीट पर उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव लगातार पिछड़ते नजर आ रहे हैं। वहीं छत्तीसगढ़ छालीवुड के कलाकार तथा धरसींवा से भाजपा प्रत्याशी अनुज शर्मा 9958 मतों से निर्णायक बढ़त कायम रखे हुए हैं। रायपुर पश्चिम में राजेश मूणत के पक्ष में माहौल व चुनावी रिजल्ट आता दिख रहा है। यहां कांग्रेस के युवा व दमदार प्रत्याशी विकास उपाध्याय 9वें राउंड में राजेश मूणत से 18008 मतों से पीछे चल रहे थे। रायपुर दक्षिण में बृजमोहन अग्रवाल 19870 मतों से आगे थे। इसी तरह रायपुर ग्रामीण में भाजपा के मोतीलाल साहू 12वें राउंड में 25977 मतों से आगे चल रहे हैं। यहां से कांग्रेस के पंकज शर्मा चुनावी मैदान में हैं। बात रायपुर उत्तर सीट की करें तो यहां 6वें राउंड में भाजपा से पुरंदर मिश्रा 12003 मतों से आगे हैं, कांग्रेस से कुलदीप जुनेजा लगातार पिछड़ रहे हैं।